नई टिहरी। मानदेय और पीएफ भुगतान की मांग को लेकर बीएसएनएल कैजुअल एंड कांट्रेक्टर वर्कर्स यूनियन से जुड़े कर्मचारी दूसरे दिन भी हड़ताल पर डटे रहे। कर्मचारियों ने मांग के समर्थन में जिला दूरसंचार मुख्यालय कार्यालय परिसर में धरना दिया।
आंदोलनरत कर्मियों ने कहा कि पांच माह से मानदेय का भुगतान नहीं हो पाया है। वर्ष 2013 तक पीएफ की कटौती की गई है, लेकिन भुगतान नहीं किया गया है। उन्हें परेशान करने के लिए अब छंटनी की जा रही है। छंटनी के नाम पर जिन छह कर्मचारियों को हटाया गया है उन्हें तुरंत बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं जाती तब तक हड़ताल पर डटे रहेंगे। धरने पर संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष नित्यानंद बहुगुणा, जिलाध्यक्ष विनोद थपलियाल, कुंदन सेमवाल, शांति प्रसाद बहुगुणा, चतर सिंह, रामलला गैरोला, महिपाल, रवि रावत और रामकृष्ण आदि बैठे रहे।