नई टिहरी। गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर गोपाल गो लोक धाम संवर्द्धन समिति और गो सेवकों ने जिला मुख्यालय में जन चेतना रैली निकाली। कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर समस्या समाधान के लिए राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया। ऐसा न होने पर राष्ट्रव्यापी आंदोलन छेड़ने का एलान किया गया।
बृहस्पतिवार को समिति के सदस्यों ने साईं चौक बौराड़ी से डीएम कार्यालय तक रैली निकाली। कलक्ट्रेट में हुई सभा को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि पूरे देश के 644 जिलों में यह आंदोलन चल रहा है। उनकी प्रमुख मांगों में गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देकर केंद्र में अलग गो मंत्रालय, किसानों को गोबर का उचित मूल्य, दस वर्ष तक के बच्चों को गाय का दूध, गौचरान के लिए मुक्त भूमि और गो हत्या पर मृत्यु दंड का प्रावधान किया जाए। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष उमेश चरण गुसाईं, सचिव बीना रावत, संयोजक गोविंद बिष्ट, डीडी नौटियाल, रानिगी भट्ट, जेपी नौटियाल, विक्रम कठैत, देवेंद्र नौड़ियाल, अनीता कंडियाल, सरोजनी चमोली, गोपाल रतूड़ी, सोबनी धनोला, घनानंद नौटियाल, सूरता रमोला व राजेश्वरी बिष्ट आदि मौजूद थे।