घनसाली (टिहरी)। वित्तीय अनियमितताओं और सरकारी धन के बंदरबांट के आरोप में घिरे ग्राम पंचायत अंथवाल गांव के प्रधान के खिलाफ सभी नौ वार्ड के सदस्यों ने पद से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। सहायक विकास अधिकारी पंचायत को वार्ड सदस्यों ने त्यागपत्र सौंप दिया है। ग्राम पंचायत की खुली बैठक में प्रधान को पद से हटाने का प्रस्ताव सर्व सम्मति से पारित किया गया, जिसके बाद प्रधान ने भी त्यागपत्र दे दिया है।
हिंदाव पट्टी के ग्राम पंचायत अंथवाल गांव में वार्ड सदस्यों और प्रधान के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। प्रधान पर स्वच्छ भारत मिशन के तहत अपने चहेतों को दो-दो बार शौचालय निर्माण के लिए धनराशि देने का आरोप है। प्रधान पर राज्य वित्त और मनरेगा के कार्यों में वित्तीय अनियमितताएं बरतने का भी आरोप है। पिछले दिनों सूचना के अधिकार के तहत मामले का खुलासा हुआ था, जिसके बाद विवाद और अधिक बढ़ गया था।
बीते शनिवार को ग्राम पंचायत की खुली बैठक में सदस्यों ने प्रधान को पद से हटाने का प्रस्ताव पारित किया। वार्ड सदस्य रेखा देवी, जयकृष्ण, बबीता देवी, जयप्रकाश, चंदरेश्वरी देवी, जयदीप अंथवाल, सुलोचना देवी, कुशाल शाह, कुंवारी देवी ने सामूहिक इस्तीफा दिया है। वार्ड सदस्यों ने सामूहिक इस्तीफा सहायक विकास अधिकारी पंचायत रमेश चंद्र जोशी को सौंपा है। सहायक विकास अधिकारी पंचायत जोशी का कहना है कि गांव के नौ वार्ड सदस्यों ने सामूहिक इस्तीफा दिया है। ग्राम पंचायत की बैठक में गांव के लोगों ने विकास कार्यों को लेकर प्रधान पर आरोप लगाए गए हैं, जिसके बाद प्रधान शिवशरण अंथवाल ने भी प्रधान पद से इस्तीफा दिया है। इस्तीफा जिला पंचायत राज अधिकारी को भेजा जा रहा है।