घनसाली (टिहरी)। नदियों की सफाई के लिए नमामि गंगे योजना के तहत करोड़ों का बजट रखा गया है, लेकिन सफाई का जिम्मा संभालने वाले गंगा के उद्गम स्थल से ही नदी को गंदा कर सरकार की योजना को पलीता लगा रहे हैं। चमियाला और घनसाली में ही नगर का कूड़ा खुलेआम नदियों में डाला जा रहा है।
सरकार गंगा और उसकी सहायक नदियों को नमामि गंगे योजना के तहत प्रदूषण मुक्त करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन घनसाली और चमियाला नगर पंचायत क्षेत्र में योजना के विपरीत हर दिन कई टन कूड़ा केदारनाथ मोटर मार्ग से सटी भिलंगना नदी में डाला जा रहा है। लोग कई बार नगर पंचायतों और प्रशासन से कूड़ा नदी में डालने पर रोक लगाने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। डा. नरेेेंद्र डंगवाल, तेजराम सेमवाल, हिमांशु, अरुण रतूड़ी, प्रमोद बिष्ट ने बताया कि कूड़ा डालने से जहां नदी प्रदूषित हो रही है, वहीं क्षेत्र से लोगों को आवागमन में भी मुश्किल हो रही है। तहसीलदार बुद्धि मिस्त्री का कहना है कि बस्ती के नजदीक और नदी में कूड़ा निस्तारण करना नियम विरुद्ध है, जिसे जल्द ही बंद कराया जाएगा। ईओ राजेंद्र सजवाण का कहना है कि नगर पंचायत कुछ समय पहले ही अस्तित्व में आई है, कूड़ा निस्तारण के लिए जगह चयन करके प्रस्ताव प्रशासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने पर जल्द ही कूड़ा डंपिंग जोन बनाया जाएगा।