नई टिहरी। युवा कल्याण और प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित जिला स्तरीय युवा महोत्सव में ब्लॉकों से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दी। लोकनृत्य में चंबा, लोक गीत में कीर्तिनगर और एकांकी नाटक में प्रतापनगर प्रथम रहा।
बहुउद्देशीय भवन में आयोजित युवा महोत्सव का शुभारंभ टिहरी विधायक धन सिंह नेगी ने किया। पालिकाध्यक्ष उमेश चरण गुसाईं और सीडीओ आशीष भटगांई ने कहा कि विजेता प्रदेश स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में और बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करें। युवा कल्याण अधिकारी एचएस खत्री ने युवाओं के लिए विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाएं बताई। लोकनृत्य प्रतियोगिता में चंबा प्रथम, थौलधार द्वितीय और जौनपुर तृतीय रहा। लोकगीत में कीर्तिनगर पहले, देवप्रयाग दूसरे और चंबा तीसरे स्थान पर रहा। एकांकी नाटक में प्रतापनगर प्रथम, देवप्रयाग द्वितीय और नरेंद्रनगर तृतीय रहा। इस मौके पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सुरेश गुसाईं, संजय लिंगवाल, पंकज तिवाड़ी, अजयपाल असवाल, चतर सिंह आदि मौजूद थे। वरिष्ठ पत्रकार महीपाल सिंह नेगी, डा. हिमानी सिलोड़ी और आशा भट्ट ने निर्णायकों की भूमिका निभाई।