थत्यूड़ (टिहरी)। व्यापारियों से आरडी जमा कराकर पिछले 11 दिन से फरार चल रहा आराध्या जन विकास सहकारी समिति लि. का कार्यालय संचालक दीपक चमोली मंगलवार को प्रकट हो गया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों की वार्ता हुई। कार्यालय संचालक ने पुलिस को लिखित में दिया है कि जिन छह व्यापारियों की आरडी पूरी हो चुकी है उनका भुगतान दो दिन के भीतर किया जाएगा। शेष व्यापारियों का भुगतान आरडी पूरी होने पर दी जाएगी।
आराध्या जन विकास सहकारी समिति लि. ने क्षेत्र के 17 व्यापारियों से आरडी जमा कराया था। व्यापारियों ने समिति में तीन लाख 87 हजार एक सौ रुपये जमा कराया था, लेकिन समिति के स्वामी सुरेंद्र वर्मा और कार्यालय संचालक दीपक चमोली पिछले 10 दिन से लापता चल रहे थे। व्यापारियों का फोन भी नहीं उठा रहे थे। समिति की ओर से जिन छह व्यापारियों की आरडी पूरी हो चुकी थी, उन्हें जो चेक दिया गया था। वे भी बाउंस हो गए थे। बीते सोमवार को व्यापारी मामले में थानाध्यक्ष एमएल जखमोला से मिले। मंगलवार को कार्यालय संचालक व्यापारियों के साथ थाना पहुंचा। उन्होंने व्यापारियों को लिखित में दिया कि सभी का भुगतान आरडी पूरी होते ही कर दिया जाएगा। तब तक वे थत्यूड़ से बाहर नहीं जाएंगे। थानाध्यक्ष जखमोला ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच सुलह समझौता हो गया है।