नई टिहरी। टिहरी बांध की झील एक बार फिर से सी-प्लेन उतारने की कवायद शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने झील में सी-प्लेन उतारने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है। यदि केंद्र ने सी-प्लेन उतारने की योजना को हरी झंडी दी, तो बांध की झील बड़ा साहसिक पर्यटन का केंद्र बन सकता है।
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने टिहरी बांध की झील को पर्यटन केंद्र बनाने को वर्ष 2015 में एअर क्राफ्ट उतारने की कवायद शुरू की थी। पहले दौर में ऋषिकेश चीला बैराज से टिहरी बांध की झील में दो सीटर एअर क्राफ्ट झील में उतारने की योजना थी। बावजूद तत्कालीन सरकार की योजना परवान नहीं चढ़ पाई। लेकिन अब भाजपा सरकार में भी झील में सी-प्लेन उतारने की योजना पर काम शुरू हो गया है। टिहरी विधायक धन सिंह नेगी के अनुरोध पर राज्य सरकार ने केंद्रीय जहाजरानी मंत्रालय को सी-प्लेन उतारने के लिए प्रस्ताव भेजा है। यदि केंद्र सरकार राज्य के प्रस्ताव को स्वीकृति दे देता है, तो बांध की झील पर्यटकों के लिए बेहतर स्थान बन सकता है। विधायक नेगी ने बताया कि केंद्र सरकार ने कुछ दिन पहले सी-प्लेन लायक प्रमुख स्थलों के प्रस्ताव मांगे थे, जिनमें से सरकार ने टिहरी बांध की झील का प्रस्ताव पहली प्राथमिकता के आधार पर भेजा है। बताया कि जल्द ही केंद्रीय जल संसाधन एवं सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी से मुलाकात कर झील में सी-प्लेन शुरू करवाने का प्रयास किया जाएगा।