चंबा (टिहरी)। नए साल के आगाज के लिए धनोल्टी में तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्राकृतिक सौंदर्य के बीच ईको हट्स और होटलों में दिल्ली, अहमदाबाद, बंगाल और महाराष्ट्र के पर्यटकों ने बुकिंग कर ली है।
जीएमवीएन के 20 कमरों की ऑनलाइन बुकिंग हो चुकी है। वहीं ईको पार्क के हट्स में आरक्षण भी पूरा हो चुका है। जीएमवीएन के प्रबंधक युद्धवीर पुंडीर और ईको पार्क समिति के सचिव कुलदीप नेगी ने बताया कि इस साल थर्टी फर्स्ट के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है। उम्मीद है कि बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटकों की खासी भीड़ जुटेगी।
जिस तरह से मौसम के हालात बन रहे हैं, उससे उम्मीद जताई जा रही है कि नए साल में बर्फबारी खूब होगी। धनोल्टी शोरगुल और भीड़-भाड़ से उलट एकांत स्थल है। यहां चारों ओर देवदार और कुनेर के वृक्षों का जंगल है। पिछले कई वर्षों से मौसम में हो रहे बदलाव से नए साल में पर्यटकों को बर्फबारी के कम ही दर्शन हो पा रहे हैं।