नई टिहरी। टिहरी बांध प्रभावितों को नि:शुल्क पानी और रियायती दरों पर बिजली मुहैया कराने की मांग को लेकर गर्जना रैली आयोजित करने वालों की मंशा पर विधायक धन सिंह नेगी ने सवाल उठाए हैं। कहा कि 15 वर्षों तक जिन लोगों ने टिहरी विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया है, उन्होंने मामले में कितनी बार विधानसभा में प्रश्न उठाया है। हनुमंत राव कमेटी की सिफारिशें लागू करवाने को कितनी बार सरकार को पत्र लिखा। पिछले पांच साल तक नागरिक मंच मामले में चुपचाप क्यों बैठा रहा।
विधायक नेगी ने कहा कि वे इन समस्याओं के प्रति संवेदनशील हैं। समस्या के स्थायी समाधान को उन्होंने विधानसभा के दूसरे सत्र में मामले में याचिका दायर की है। सरकार ने मंत्री मंडलीय उप समिति को प्रकरण भेजा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद इसे कैबिनेट में रखा जाएगा। कुछ लोग अपने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।