नैनबाग (टिहरी)। जौनपुर विकासखंड के अठजुला पट्टी में शादी-विवाह में शराब नहीं परोसी जाएगी। ग्रामीणों ने सामूहिक बैठक कर शादी विवाह जैसे धार्मिक कार्यों में कॉकटेल पार्टी का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
रविवार को जौनपुर ब्लॉक के अठजुला पट्टी के ग्रामीणों की ग्राम परोगी तल्ला में बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शादी विवाह में कॉकटेल पार्टी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा। शादी में काम करने वाले कार्यकर्ता को अगले दिन दावत दी जाती थी। उसे बंद किया गया। शादी में देर रात तक डीजे बजाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया। शादी में मामा पक्ष का बोझ कर करते हुए मामा पक्ष द्वारा बकरा और शराब देने पर भी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। माघ माह में गांव में सामूहिक बकरे काटने मरोज त्योहार को भी कम करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में अन्य सामाजिक कुरीतियों पर भी चर्चा की गई। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया है कि जो व्यक्ति या परिवार इन नियमों का उल्लंघन करेगा उसका बहिष्कार किया जाएगा।
बैठक में महिपाल सजवाण, कन्हैया राणा, विक्रम सजवाण, सुंदर चौहान, विनोद राणा, आनंद सिंह, सबल सिंह, भरत सिंह, गोविंद सजवाण, सरदार सिंह, प्रेम सिंह, विनोद सजवाण, नागेंद्र सिंह, सीताराम सिंह, आनंद सिंह, मोहन भंडारी, आनंद सजवाण, आनंद रावत, प्रदीप भंडारी, गुरदयाल सिंह, विक्रम सिंह, राजेंद्र सिंह चौहान, सबल सिंह रावत आदि मौजूद रहे।