नई टिहरी। राज्य गठन से पहले प्रस्तावित चंद्रबदनी-कांडीखाल मोटर मार्ग का निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हो पाया है। सड़क के बनने से जहां धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं दोनों क्षेत्र के लोगों का आवागमन आसान हो सकेगा। क्षेत्र के लोगों ने डीएम को भेजे ज्ञापन में अधर में लटकी सड़क का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है।
कांडीखाल और चंद्रबदनी क्षेत्र के जोड़ने के लिए वर्ष 1999 में कांडीखाल-चंद्रबदनी मोटर मार्ग प्रस्तावित किया गया था। लंबे संघर्ष के बाद वर्ष 2009 में आठ किमी की स्वीकृत मिली। चार साल पहले सिलोड़ तक तो सड़क बन गई, लेकिन उससे आगे का निर्माण कार्य ठप पड़ा हुआ है, जिससे चंद्रबदनी क्षेत्र कांडीखाल से नहीं जुड़ पा रहा है। इसका खामियाजा दोनों क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। क्षेत्र के कुंदन सिंह बिष्ट ने डीएम को भेजे ज्ञापन में बताया कि सिलोड़ तक सड़क बनने के बाद अब गांव के लोग आगे सड़क निर्माण में अनावश्यक विवाद पैदा कर रहे हैं। वहीं फैगुल और चंद्रबदनी, खास पट्टी और पौड़ीखाल क्षेत्र के लोगों को एक-दूसरे क्षेत्र में पहुंचने के लिए वाया गडोलिया (जागधार) लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। उन्होंने डीएम से सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है।