नैनबाग (टिहरी)। नागटिब्बा क्रीड़ा सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास समिति भटवाड़ी इडवालस्यूं की ओर से आयोजित सांस्कृतिक मेले की दूसरी संध्या गायक सनी दयाल और गायिका निधि राणा के नाम रही। कड़ाके की ठंड के बावजूद दर्शक देर रात तक कार्यक्रमों का आनंद लेते रहे।
दूसरी सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य अमेंद्र बिष्ट, रविकांत उनियाल, सुभाष रमोला, ज्येष्ठ प्रमुख भोला सिंह परमार और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मेघ सिंह कंडारी ने किया। जिला पंचायत सदस्य अमेंद्र बिष्ट ने श्रीकोट से भटवाड़ी तक सीसी मार्ग का निर्माण और रैंलिग लगाने की घोषणा की। कार्यक्रम में गायक सनी दयाल ने महासू देवता की आराधना देवा महासूवा हनोडि की शानो गीत से सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। उन्होंने आमा भांडजिये तेरे नाकंदी फूली, बिडरू न मानिए मेरे जाना चुरपुरा और आने वाले नए गीत राजिमा ले आदि गीतों से दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।
गायिका निधि राणा ने कहा कि जो देश-विदेश में रहकर अपनी संस्कृति को भूल बैठे हैं, उन्हें अपनी संस्कृति से जोड़े रखने के लिए बिसरे अपने रीति रिवाजों बिसरे आपणी बोली से संगीत का सफर शुरू किया था, जिसे श्रोताओं ने खूब पसंद किया वह गीत यू ट्यूब पर धूम मचा रहा है। उन्होंने घुन्दुडिया मोड़ी नाचलि, मेरी भियोंकी राणिये से युवाओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। रविकांत उनियाल ने हिंदी और सूरज शाह ने गढ़वाली गीत की प्रस्तुति दी। इस मौके पर सुभाष रमोला विरेंद्र राणा, दीपेंद्र बिष्ट, दिनेश रतूड़ी, सुपा सिंह, राम दयाल शाह, समिति अध्यक्ष महादेव प्रसाद नौटियाल आदि मौजूद थे।