नई टिहरी। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की देखरेख के लिए आउटसोर्स के माध्यम से रखे गए गुरिल्ला मेट और बेलदारों को पांच माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उनका दीपावली का त्योहार भी फीका ही रहा है। इससे नाराज कर्मियों ने डीएम को ज्ञापन देकर वेतन भुगतान कराने और श्रम कानूनों के तहत सुविधाएं प्रदान करने की मांग की है।
एनएच की देखभाल करने के लिए विभाग की ओर से नई टिहरी के ढाईजर से मलेथा तक आउट सोर्सिंग से कई स्थानीय गुरिल्लाओं को बेलदार और मेठ के पदों पर नियुक्त किया गया है, लेकिन आउटसोर्स संस्था उन्हें समय पर वेतन का भुगतान नहीं कर रही है। कार्यदायी संस्था की कार्यशैली से परेशान मजदूरों ने बुधवार को डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि मजदूरों को जहां पांच माह से वेतन नहीं दिया गया है, वहीं उन्हें कोई भी सार्वजनिक अवकाश नहीं दिया जा रहा है। जरूरी कार्य के लिए छुट्टी मांगने पर उन्हें बाहर करने की धमकी भी दी जाती है। मजदूरों ने पांच माह को वेतन भुगतान कराने, वेतन हर माह 10 तारीख तक अनिवार्य रूप से देने और श्रम कानूनों के तहत सुविधाएं प्रदान कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में मायाराम मैठाणी, बृजमोहन कठियाल, महावीर चौहान, प्रताप चौहान, उम्मेद लाल, चमन दास, श्याम लाल, राजेंद्र प्रसाद, सोना देवी, सुशीला देवी, राजकुमारी, सरस्वती देवी, मनोरी देवी, रोशनी देवी, मीना देवी, अनीता देवी और इंद्रा देवी आदि शामिल थे।