दून के दीपक ने एक मिनट में लगाए 106 पुशअप
अमर उजाला ब्यूरो
नई टिहरी। जिला मुख्यालय में लोनिवि के एशियन डेवलपमेंट बैंक कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत दीपक शर्मा ने एक मिनट में 106 पुशअप (मुठ्ठी के सहारे) मारे। वर्तमान में ऑस्ट्रिया के रोमन डोनेश के नाम एक मिनट में 101 पुशअप मारने का रिकॉर्ड है जबकि दीपक ने एक मिनट में 106 पुशअप लगाए।
रविवार सुबह 8 बजे मोलधार स्थित हेल्थ एंड वेल्थ जिम सेंटर में डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. बीपी सेमवाल, चक्रधर भद्री, दर्शन गुसाईं की रेखदेख में आयोजित स्पर्धा में एडीबी में कार्यरत ग्राम चांदमरी डोईवाला देहरादून निवासी दीपक शर्मा (28) ने दोनों हाथों की मुठ्ठी में 90 डिग्री का कोण बनाकर एक मिनट में 106 पुशअप मारे। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने दीपक का तालियों से जोरदार स्वागत किया। दीपक एक साल से पुशअप की तैयारी कर रहे थे। दीपक ने बताया कि अब तक ऑस्ट्रिया के रोमन डोनेश के नाम एक मिनट में 101 पुशअप मारने का विश्व रिकॉर्ड दर्ज है। उसने बताया कि उसका अगला लक्ष्य एक घंटे में 2175 पुशअप मारने वाले पाकिस्तान के मोहम्मद यूसुफ के रिकॉर्ड तोड़ने का है। बताया कि वह बचपन से आर्मी में जाने की इच्छा रखते थे, चार बार शारीरिक परीक्षा में पास हुए, लेकिन मेडिकल में बाहर होने से आर्मी ज्वाइन करने का सपना साकार नहीं हो पाया। दीपक मांउट एवरेस्ट चढ़ने की इच्छा भी पाले हुए हैं, लेकिनआर्थिक तंगी उनके सामने आड़े आ रही है। वह कहते हैं कि यदि राज्य सरकार से कुछ आर्थिक मदद मिल जाए तो वह चोटी को फतह कर लेंगे। इस मौके पर जिम सेंटर के प्रबंधक भूपेंद्र रावत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, राजीव रावत, गंगा भगत नेगी, कुलदीप चौहान, सुनील कुडिय़ाल, जयवीर रावत, सोबन कुमाईं, राजीव उनियाल, जगदीश झिल्डियाल, अनिल सेमल्टी, नरपाल नकोटी आदि मौजूद थे।