थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड़ में डीएम सोनिका की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में 67 शिकायतें दर्ज हुई, जिनमें से 45 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। डीएम ने अवशेष शिकायतों को पखवाड़े के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए हें।
मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में डीएम सोनिका ने सिंचाई विभाग नरेंद्रनगर के ईई को सप्ताह में तीन दिन थत्यूड़ में बैठकर समस्याएं निस्तारित करने, वर्ष 2013-14 की आपदा के दौरान थत्यूड़, सत्यों और नैनबाग क्षेत्र में हुई क्षति के प्रकरणों पर जांच करने, वन विभाग मसूरी को धनोल्टी से नागटिब्बा ट्रैकिंग रूट को ईको जोन के रूप में विकसित करने, देवलसारी में वन विभाग के विश्राम गृह के नवीनीकरण, क्षेत्र के निर्माणाधीन विभिन्न मोटर मार्गों के मुआवजा भुगतान संबंधी प्रकरणों पर ईई लोनिवि को कार्रवाई के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों ने बंगशील-मोलधार, दुर्गापुल-तौवा-मोलधार, थत्यूड़-मराडा, सौंदी-परोगी मोटर मार्गो के निर्माण में गति लाने, छिनाडा गांव के बांगर तोक का विद्युतीकरण, अगिंडा में ट्रांसफार्मर की सुरक्षा, क्षेत्र में झूलती विद्युत लाइनों की मरम्मत, पेंशन न मिलने की शिकायत की। ब्लाक प्रमुख कुंवर सिंह पंवार ने कहा कि जिन स्कूलों में छात्र संख्या अधिक है, वहां शिक्षकों की तैनाती करने, आधार कार्ड लिंक करने में तेजी लाने की मांग की। एसडीएम लक्ष्मीराज चौहान ने सात जन्म प्रमाणपत्र निर्गत की। इस मौके पर सीईओ डीसी गौड़, एआरटीओ ज्योति शंकर मिश्रा, ईई जल संस्थान सतीश नौटियाल, बीडीओ जयपाल बर्थवाल, समाज कल्याण अधिकारी अविनाश भदौरिया आदि मौजूद थे।