नई टिहरी। त्योहार शुरू होने से पहले ही जिला मुख्यालय नई टिहरी में पेयजल वितरण की व्यवस्था दम तोड़ने लगी है। बुधवार को नगर क्षेत्र के अधिकांश हिस्से में पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। बिलों का भुगतान न करने पर जल संस्थान की ओर से चंबा और नई टिहरी के 250 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किया गया है। 15 दिन में बिल भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
जिला मुख्यालय की पेयजल व्यवस्था ढर्रे पर आने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को नगर क्षेत्र के जी ब्लॉक, जे, एफ, एल, एम, के और एच ब्लॉक में पूरी तरह से पानी की पूर्ति ठप रही। जल संस्थान के ईई सतीश चंद्र नौटियाल ने बताया कि भैतोगीखाला पंप हाउस में कुछ पार्टस रिपेयर किए गए। यही वजह है कि चार घंटे तक पानी पंप नहीं हो पाया, जिससे बुधवार को नगर के कुछ क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। बताया कि जल संस्थान का पेयजल उपभोक्ताओं पर एक करोड़ बकाया चल रहा है, जिन 250 उपभोक्ताओं ने लंबे समय से पानी के बिल जमा नहीं किए हैं, उन्हें नोटिस जारी कर दिया गया है।