लंबगांव (टिहरी)। आणेश्वर जीप कामांडर एसोसिएशन के चालक ने इमानदारी की मिसाल पेश करते हुए एक महिला को उसका 10 हजार रुपये की नकदी और महत्वपूर्ण कागजों से भरा बैग लौटाया।
बताया गया कि जीप कमांडर शिव नगर साधू बेला हरिद्वार की सरोज रानी पत्नी सतीश कुमार आठ सितंबर को हरिद्वार से गंगोत्री यात्रा के लिए निकली थी। इस दौरान वाहन की छत में रखा उनका बैग रास्ते में गिर गया। उसी दिन ऋषिकेश से लंबगांव आ रहे वाहन स्वामी महेंद्र सिंह को वह बैग आगराखाल के पास सड़क पर पड़ा मिला। चालक ने बैग लंबगांव एसोसिएशन में जमा करा दिया। लंबगांव टैक्सी यूनियन के पूर्व अध्यक्ष पृथ्वीराज रांगड़ ने बैग में मिले आधार कार्ड फेसबुक पर डाल दिया था। फेसबुक से इसकी जानकारी लंबगांव महाविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रोशन रांगड़ को मिली, तो उन्होंने हरिद्वार छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित चौहान से संपर्क कर महिला का पता लगाने को कहा। रोहित ने महिला पता लगाकर उनका बैग लंबगांव में होने की सूचना दी। मंगलवार को सरोज रानी अपने पति एवं बच्चों के साथ लंबगांव पहुंची। जहां टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने महिला को उसका बैग लौटाया। इस मौके पर टैक्सी यूनियन के रमेश थलवाल, जयेंद्र, सोबन सिंह, मुकेश, और बॉबी राणा आदि मौजूद थे।