नई टिहरी। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित माध्यमिक स्तर के छात्र-छात्राएं अपनी समस्या सीधे डीएम से साझा कर सकेंगे। छात्रों से बात करने के लिए डीएम ने दूरभाष नंबर 01376-234555 का शुभारंभ किया है। उन्होंने कहा कि अब छात्रों को अपनी समस्या उच्चाधिकारियों को बताने के लिए दूसरे माध्यमों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। छात्र दूरभाष पर सुबह 11 से 12 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
सोमवार को डीएम सोनिका ने छात्रों से दूरभाष पर बात करते हुए कहा वह अपने स्कूल के साथ ही गांव की समस्या भी बता सकते हैं। डीएम ने पहले दिन भिलंगना ब्लॉक के जीआईसी घोपड़धार के आठ छात्र-छात्रओं से संवाद कर स्कूल की समस्याओं की जानकारी ली, जिसमें कक्षा 12 के छात्र राहुल सेमवाल ने बताया कि स्कूल का भवन नहीं है और रसायन विज्ञान, भूगोल और अर्थशास्त्र के शिक्षक भी नहीं हैं। 12वीं के विवेकानंद मैठाणी ने बताया कि वह अपने गांव में छोटे बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करते हैं। कालेज के छात्र नागेंद्र, आशीष मैठाणी, श्वेता, प्रतीक्षा राणा, अंबेश्वरी सेमवाल, सुरत सिंह रावत ने भी समस्याएं बताई। डीएम ने प्रधानाचार्य गजानंद पैन्यूली को कालेज में ब्राडबैंड सेवा शुरू करने और जिस विषय के शिक्षक नहीं हैं, उन विषयों को मोबाइल कांफ्रेंस के जरिए पढ़ाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। डीएम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय प्रतापनगर और आमपाटा के छात्रों से भी संवाद किया। आमपाटा से पानी की शिकायत मिलने पर डीएम ने जल संस्थान को जल्द हैंडपंप ठीक करने और संचार निगम को स्कूल में दूरभाष लगाने के निर्देश दिए। छात्रों को स्वास्थ्य जानकारी के लिए टोल फ्री 555 और 18001804112 नंबर की जानकारी भी दी। इस मौके पर सीईओ डीसी गौड़ आदि मौजूद थे।