चंबा (टिहरी)। ऋषिकेश-धरासू राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेमुंडा में पुल न बनने का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ता है। हर बरसात में गाड़ का जलस्तर बढ़ने से यातायात पर ब्रेक लग जाता है।
ऋशिकेश-चंबा-उत्तरकाशी हाईवे पर बेमुंडा में गदेरे के उफान पर आने से यात्रियों की परेशानियां बढ़ जाती है, जिससे कई बार राजमार्ग पर यातायात बाधित हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गदेरे के उफान पर आने से हाईवे पर हादसे का डर बना रहता है। दो दिन पहले भी गदेरे के उफान पर आने से राष्ट्रीय राजमार्ग नौ घंटे तक बाधित रहा। पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, जिला पंचायत सदस्य अनिल भंडारी, प्रेम सिंह नेगी ने बताया कि बेमुंडा में पुल बनाया जाना अति आवश्यक है। बीआरओ के आफिसर इंचार्ज कैप्टन अभिजीत का कहना है कि पुल बनाने के मामले को उच्चाधिकारियों को बताया है। जल्द ही मामले में कार्रवाई की जाएगी।