नई टिहरी। ओएनजीसी और नर्चरिंग एक्सीलेंस इन स्पोर्ट्स ट्रस्ट की पहल पर हिमालय में हीरो की खोज प्रतियोगिता के लिए दो-दो बालक-बालिकाओं का चयन एथलेटिक्स के प्रशिक्षण के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ियों को देहरादून में प्रशिक्षित कर भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीयस्तर की एथलेटिक प्रतियोगिता में खेलने का मौका दिया जाएगा। चयन के लिए जिले के ब्लॉकों से 15 से 17 आयु वर्ग के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
शुक्रवार को बौराड़ी स्टेडियम में हिमालय में हीरो की खोज प्रतियोगिता के चयन ट्रायल का नगर पालिकाध्यक्ष उमेश चरण गुसाईं ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में प्रतिभाएं छिपी हैं, जिनको तराशने का यह बेहतर माध्यम है। बालकों की 800 मीटर दौड़ में आजाद भंडारी, बालिका वर्ग में निकिता नेगी, 1500 मीटर बालक वर्ग में प्रवेश तिवारी और बालिका में सरस्वती ने बाजी मारकर राज्य स्तर के लिए क्वालिफाई किया। ट्रस्ट के समन्वयक शशांक ने बताया कि पूरे प्रदेश में यह प्रतियोगिता चल रही है। दौड़ में चयनित हुए बालक-बालिकाओं को देहारादून में शिविर लगाकर प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर चयन के लिए उनकी प्रतियोगिता कराई जाएगी। इस मौके पर डीसीडीएफ के अध्यक्ष अनुसूया नौटियाल, एथलेटिक्स मीट के कार्यक्रम अधिकारी सुरेश चंद्र रतूड़ी, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह सरियाल, कमल नयन रतूड़ी, रजनी बहुगुणा, उमा खंडूडी विनोद प्रकाश जोशी, सुरेंद्र, पूरण सरांशी, भरतराम बड़ोनी, विनोद नेगी, यजुवेंद्र नेगी, मुकेश उनियाल आदि मौजूद थे।