प्राइमरी से लेकर इंटरमीडिएट तक के कई स्कूलों को मॉडल विद्यालय बनाने के पीछे उत्तराखंड सरकार की मंशा थी कि इन विद्यालयों में पढ़ाई का बेहतर वातावरण बनाने के लिए वह सभी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं ताकि शिक्षा व्यवस्था में सुधार होने के साथ साथ बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिल सके। लेकिन जिस स्कूल में शिक्षकों के अधिकांश पद रिक्त हों तो उस स्कूल को अभिभावकों के सामने मॉडल स्कूल के रूप में पेश कर पाना शायद ही संभव हो।
जी हां जिले के दूरस्थ विकास खंड बेतालघाट में स्थित राजकीय इंटर कालेज एक ऐसा मॉडल स्कूल है जहां बीते एक साल से बेहद महत्वपूर्ण विषयों में प्रवक्ताओं के पांच और एलटी के चार शिक्षकों के पद रिक्त हैं। जानकारी के मुताबिक इस मॉडल स्कूल में अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, भौतिक विज्ञान और अर्थशास्त्र विषय के प्रवक्ता के पद खाली हैं।
वहीं एलटी स्तर पर शिक्षकों के पद रिक्त होने के कारण कला, हिंदी और विज्ञान जैसे विषयों के साथ साथ पीटीआई का पद खाली है। वर्तमान में बेतालघाट के इस मॉडल स्कूल में लगभग तीन सौ छात्र अध्ययनरत हैं।
अभिभावकों की बार बार मांग के बाद कुछ समय पहले कांग्रेस सरकार ने शिक्षकों के रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की तैनाती की तो पठन पाठन कुछ पटरी पर आया ही था कि पिछले दिनों सभी अतिथि शिक्षकों को काम से हटा दिया गया। अब फिर से विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामने शिक्षकों की कमी का संकट गहरा गया है। यह स्थिति तब है जब बेतालघाट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की ही विधायक हैं और कांग्रेस के ही ब्लाक प्रमुख हैं।
नाम न छापने की शर्त पर अभिभावकों का कहना है कि यदि सही मायने में स्कूल को मॉडल स्कूल बनाना है तो सबसे पहले स्कूल में शिक्षकों की तैनाती की जाए ताकि नियमित रूप से छात्रों की पढ़ाई हो सके। अभिभावक कहते हैं कि यदि पढ़ाने के लिए शिक्षक ही नहीं होंगे तो फिर बगैर शिक्षकों के कैसे स्कूल को मॉडल स्कूल के रूप में अमलीजामा पहनाया जा सकेगा। ऐसे में शिक्षकों की कमी के चलते अभिभावक बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
मॉडल स्कूल में शिक्षकों की कमी का मामला संज्ञान में है जिसकी सूचना शासन को भेजी गई है। शिक्षा सचिव ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही आयोग के माध्यम से और पदोन्नति के माध्यम से शिक्षकों के रिक्त पदों पर तैनाती करा दी जाएगी। ऐसे में बेतालघाट के मॉडल स्कूल को भी वह सभी शिक्षक मिल जाएंगे जिनके पद रिक्त हैं।
- रघुनाथ लाल आर्य मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल