एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के पौड़ी परिसर का स्नातक अंतिम वर्ष
का परीक्षाफल घोषित हुए एक पखवाड़ा बीत चुका है लेकिन अभी तक
छात्र-छात्राओं को अंकतालिकाएं नहीं मिल पाई हैं।
विवि प्रशासन की लेटलतीफी के कारण पास आउट छात्र-छात्राएं अन्य संस्थानों में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। पौड़ी परिसर से बीएससी फाइनल करने वाली ज्योति ने पूना यूनिवर्सिटी से एमसीएस करने के लिए एंट्रेंस एग्जाम पास किया है।
अब काउंसिलिंग के लिए उसे बीएससी फाइनल की मार्कशीट की आवश्यकता है। पूना यूनिवर्सिटी इंटरनेट से निकाली गई अंकतालिका शामिल करने से इंकार कर रही है। ज्योति कहती हैं कि जल्द अंकतालिका नहीं मिली तो प्रवेश संभव नहीं है।
विनीता की भी यही स्थिति है। विनीता ने एमएसीस बॉयोटैक का एंट्रेंस एग्जाम पास किया है। अब डीयू में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन पौड़ी परिसर में अभी तक अंकतालिका न आने से प्रवेश लटका हुआ है। विनीता कहती हैं कि अंकतालिका आने में और देरी हुई तो इसका खामियाजा हमें ही भुगतना पड़ेगा।
इनकी भी सुनिएः
कालेज में अभी तक किसी भी कक्षा की अंक तालिकाएं नहीं आई हैं। इसी कारण स्नात्तकोत्तर कक्षाओं के साक्षात्कार भी पीछे किए गए हैं। अन्य संस्थानों में प्रवेश लेने वाले परीक्षार्थियों को परेशानी स्वाभाविक है। विवि प्रशासन जैसे ही अंकतालिका तैयार करेगा, तत्काल परिसर में उपलब्ध करा दी जाएंगी।
- प्रो. टीपी पंत, निदेशक बीजीआर कालेज पौड़ी।