रुद्रप्रयाग। गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौलापानी में बोलेरो वाहन और बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं बोलेरो वाहन पहाड़ी से जा टकराया। वाहन में सवार राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड लोनिवि की अधिशासी अभियंता गंभीर रूप से घायल हो गईं और चालक भी चोटिल हो गया। घायल को बेस अस्पताल श्रीनगर-श्रीकोट रेफर किया गया है।
शुक्रवार को शाम करीब 4 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड-लोनिवि की अधिशासी अभियंता किसी बैठक में शामिल होने के लिए अपने सिल्ली स्थित कार्यालय से जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग की आ रहीं थीं। वहीं, बाइक सवार युवक रुद्रप्रयाग से अगस्त्यमुनि की तरफ जा रहा था।
रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर नौलापानी में दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। बताया जा रहा है एनएच के वाहन के चालक ने बाइक सवार युवक को बचाने के लिए वाहन को पहाड़ी पर भी टकराया मगर दुर्घटना से नहीं बच सके।
हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और सवार युवक अमित (24) पुत्र विजय ग्राम जगोठ गंभीर रूप से घायल हो गया। एनएच के वाहन से घायल को अस्पताल ले जाया जा रहा था मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं, बोलेरो वाहन में सवार एनएच की अधिशासी अभियंता प्रियंका जगूठी भी बुरी तरह घायल हो गईं और उनका चालक भी चोटिल हाे गया। उनके साथ के कर्मचारियों की ओर से उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर-श्रीकोट ले जाया गया। अगस्त्यमुनि के थानाध्यक्ष महेश रावत ने बताया शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।