त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और विकासखंडों में प्रमुख, ज्येष्ठ व कनिष्ठ प्रमुख के चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने आरओ, एआरओ, नोडल अधिकारी, प्रभारी अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। साथ ही चुनाव में उपयोग होने वाले मतपत्रों की जानकारी दी। आज जिले के अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ और जखोली ब्लाक में प्रमुख, ज्येष्ठ व कनिष्ठ प्रमुख का चुनाव होगा।
जिलाधिकारी ने जिला सभागार में अधिकारियों की बैठक ली। चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को बताया गया कि क्षेत्र पंचायत प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए सफेद मतपत्र और ज्येष्ठ प्रमुख व जिला पंचायत उपाध्यक्ष के लिये पीला और कनिष्ठ प्रमुख के लिये गुलाबी मतपत्र का प्रयोग किया जाना है। मतपत्र में केवल नीले स्केच पेन का ही प्रयोग किया जाना है। नोडल अधिकारी प्रशिक्षण कपिल पांडे ने चुनाव आयोग के निर्देशों व प्रक्रिया के बारे में बताया। बैठक में एसपी अजय सिंह, सीडीओ एसएस चौहान, एडीएम अरविंद पांडे, एसडीएम बृजेश तिवारी, एसडीएम वरुण अग्रवाल, एसडीएम सुधीर कुमार, सीओ जीएल कोहली, सीवीओ डा. आरसी नितवाल, डीडीओ रमेश कुमार, ईई पीएस बिष्ट, ईई श्रीपति डोभाल, बीडीओ यशपाल टम्टा, केएस सजवाण, सीपी सेमवाल आदि मौजूद थे। ब्यूरो