रुद्रपुर में ट्रोमल मशीन के ट्रायल के दौरान मौजूद मेयर व एमएनए।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। किच्छा मार्ग स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड का कूड़ा निस्तारण करने के लिए लगाई गई ट्रोमल कन्वेयर मशीन का शुक्रवार को नगर निगम की ओर ट्रायल किया गया। मेयर रामपाल सिंह और नगर आयुक्त जयभारत सिंह ने कहा कि ट्रंचिंग ग्राउंड के कूड़े को खत्म करने में करीब आठ माह का समय लग सकता है।
रुद्रपुर में एनएच-74 से सटे ट्रंचिंग ग्राउंड का कूड़ा खत्म करने के साथ ही फाजलपुर महरौला में प्रोसेसिंग प्लांट लगाया जाएगा। इससे पहले ट्रंचिंग ग्राउंड के कूड़े का ट्रोमल मशीन से निस्तारण किया जाएगा। मेयर रापमाल सिंह, नगर आयुक्त जयभारत सिंह, उप नगर आयुक्त रिंकू नेगी और सफाई निरीक्षक संजय शर्मा ने ट्रोमल कन्वेयर मशीन का निरीक्षण कर ट्रायल शुरू करवाया।
मेयर ने ट्रोमल मशीन पर कार्य कर रहे लोगों को आवश्यक निर्देश दिए। मेयर ने कहा कि ट्रोमल मशीन का ट्रायल सफल रहा है और एक सप्ताह बाद मशीन का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इसके शुभारंभ पर मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत अथवा शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के पहुंचने की संभावना है।