रुद्रप्रयाग के जखोली ब्लॉक के दरमोला गांव में हैंडपंप के भरोसे डोभ तोक के 15 परिवार।
- फोटो : RUDRAPRYAG
जखोली ब्लॉक के रौंठिया और दरमोला गांव में पेयजल संकट से लोग परेशान है। यहां जलसंस्थान की पेयजल लाइन पर पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिस कारण ग्रामीणों को दूरस्थ हैंडपंपों से पानी जुटाना पड़ रहा है।
रौंठिया गांव जखोली का सबसे अधिक पेयजल संकटग्रस्त गांव है। गांवों के लिए लगभग डेढ़ दशक पूर्व लस्तर-रौंठिया-जवाड़ी पेयजल योजना स्वीकृत की गई थी, लेकिन अभी तक योजना का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। स्थानीय निवासी मनमोहन सिंधवाल ने बताया गांव के गागड़तोक में बनी एकल पेयजल योजना पर भी पर्याप्त पानी नहीं आ रहा है, जिस कारण ग्रामीण सुबह होते ही दूरस्थ स्रोतों की दौड़ लगाकर अपने लिए पानी जुटा रहे हैं। पंचायत दरमोला के डोभ तोक में भी पेयजल संकट बना हुआ है। पान सिंह पंवार ने बताया कि पेयजल योजना क्षतिग्रस्त होने से जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। जलसंस्थान को कई बार अवगत कराने पर भी सुध नहीं ली जा रही है। ऐसे में 15 परिवार एकमात्र हैंडपंप के सहारे हैं। उन्होंने जलसंस्थान से जल्द योजना की मरम्मत कर जलापूर्ति की मांग की है। इधर, ईई संजय सिंह बताया कि क्षतिग्रस्त योजना की मरम्मत की जाएगी। जिन-जिन हैंडपंपों पर दिक्कत आ रही है, उन्हें जल्द ठीक किया जाएगा। ब्यूरो