बृहस्पतिवार को भी तड़के से ही बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहा। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, लाल माटी, सहित ऊंचाई वाले गांवों में जमकर बर्फबारी हुई। देर शाम तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रही। वहीं केदारनाथ सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई। धाम में लगभग एक फीट से अधिक ताजी बर्फ जमी है। जबकि पहले से करीब दस फीट बर्फ जमा है। यहां पुलिस टीम के साथ कुछ साधु-संत ही मौजूद हैं।
दो दिन तक बिगड़े मौसम के बीच बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे से केदारनाथ में बर्फबारी शुरू हो गई थी। इसके बाद यहां दिनभर बर्फबारी होती रही। उधर, द्वितीय केदार मद्महेश्वर व तृतीय केदार तुंगनाथ, चंद्रशिला, चोपता सहित हरियाली कांठा में भी जमकर बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के कारण जखोली, ऊखीमठ और अगस्त्यमुनि ब्लाक के ऊपरी क्षेत्र के गांवों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी पशुपालकों को झेलनी पड़ रही है।
बता दें कि पिछले दिनों हुई बर्फबारी से 50 से अधिक गांवों में लोगों को आवाजाही सहित दैनिक कार्यों को लेकर परेशान होना पड़ा था। इधर, रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ, मयाली, जखोली में दोपहर बाद बारिश हुई, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ रही है।