लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर हुआ रन फॉर यूनिटी का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर जिले के विभिन्न स्थानों पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि अनेकता में एकता ही हमारे देश की सबसे बड़ी शक्ति है।
शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल व रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी ने रन फॉर यूनिटी को फ्लैग ऑफ किया। रैली मुख्य बाजार होते हुए विजयनगर तक पहुंची और वहीं से पुनः लौटकर स्टेडियम परिसर पहुंची। रैली में छात्र-छात्राएं, युवा, खिलाड़ी, शिक्षकों व स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया। विधायक भरत सिंह चौधरी ने सरदार पटेल को उनकी 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। कहा कि सरदार पटेल ने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि सरदार पटेल ने पूरे देश को एक सूत्र में बांधकर भारत को नई दिशा दी। वहीं ऊखीमठ में भी रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। थाना ऊखीमठ से बस स्टैंड तक स्कूली छात्र-छात्राओं ने दौड़ लगाई। दौड़ में स्वामी प्रणवानंद विद्यामंदिर के आदित्य प्रथम, आरुष त्रिवेदी द्वितीय व अमन तृतीय रहे। कार्यक्रम में दर्जाधारी चंडी प्रसाद भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्मवाण, एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला आदि मौजूद रहे।
दौड़ में मयंक रहे प्रथम
कर्णप्रयाग/गौचर/गैरसैंण। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आईटीबीपी, पुलिस प्रशासन, यूथ फिजिकल एकडेमी, राइंका, राबालिका, महाविद्यालय आदि के छात्र छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान सभी ने भारत की अखंडता और एकता की शपथ ली। इस मौके पर विधायक अनिल नौटियाल, पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, एसडीएम सोहन सिंह रांगड, थानाध्यक्ष राकेश भट्ट, प्राचार्य डाॅ. राम अवतार सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं पीएमश्री जीआईसी गौचर में एनसीसी कैडेट्स की ओर से राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर सभी कैडेट्स तथा स्कूल के छात्रों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। एनसीसी अधिकारी सुभाष सती ने बताया कि इस वर्ष यह दिवस एक भारत, आत्मनिर्भर भारत की थीम पर मनाया जा रहा है। वहीं गैरसैंण में भाजयुमो के जिलाध्यक्ष महावीर रावत के नेतृत्व में सात किमी दौड़ हुई। दौड़ में मयंक सिंह बिष्ट प्रथम स्थान, जगमोहन सिंह द्वितीय और कुश फनियाल तृतीय रहे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 3100, द्वितीय 2100 और तृतीय आने वाले प्रतिभागी को 1100 की धनराशि दी गई। इस मौके पर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह, उप निरीक्षक सुमित बंदूनी, शौकीन रमोला, प्रधानाचार्य राइंका कलम सिंह कठैत, पंकज गैड़ी, हुकुम सिंह, पृथ्वी सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे। संवाद