खेल मैदान अगस्त्यमुनि में 24 दिसंबर से शुरू हो रही अंडर-16 बालक वर्ग राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 13 जनपदों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के लिए खेल विभाग द्वारा सभी तैयारियां की जा रही हैं।
खेल मैदान में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को लेकर जनपद की टीम भी उत्साहित है। जिला खेल अधिकारी महेशी आर्य ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी 13 जनपदों की अंडर-16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। खिलाड़ियों के रहने व भोजन की तैयारी विभागीय स्तर पर की जा रही है। इसके अलावा, टीमों को नेट्स पर प्रैक्टिस के लिए भी खेल मैदान में जगह उपलब्ध कराई जाएगी। बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में फुटबाल के प्रति जागरूकता बनाने के साथ प्रदेश स्तर पर बेहतरीन टीम को तैयार करना है। उन्होंने बताया कि जनपद की टीम के खिलाड़ियों को कोच द्वारा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय फुटबाल मैचों के वीडियो दिखाकर तैयारी कराई जा रही है। खिलाड़ियों की फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।