गदरपुर। एनएच पर ओवरटेक के दौरान बेकाबू टैंकर ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंद दिया। हादसे में बाइक चला रहे पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल पिता ने सीएचसी पहुंचने पर दम तोड़ दिया। हादसे केे बाद चालक टैंकर छोड़कर फरार हो गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने टैंकर में तोड़फोड़ कर और आग लगाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने समझाकर किसी तरह उन्हें शांत किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भिजवा दिया है।
ग्रामसभा नंदपुर के ग्राम मझरा नरसिंह निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ डंपी (32) अपने पिता बलकार सिंह उर्फ बल्ली (65) के साथ शनिवार को बाइक (यूके 06 एपी 0456) से रुद्रपुर से गदरपुर लौट रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे एनएच पर ग्राम सूरजपुर में तहसील भवन के पास बाजपुर से रुद्रपुर जा रहे टैंकर (यूपी 25 डीटी 1866) के चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया।
ओवरटेक करने के प्रयास में चालक टैंकर से नियंत्रण खो बैठा और उसने सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक चला रहे सुखविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक पर पीछे बैठे पिता बलकार सिंह गंभीर रूप घायल हो गए। वहीं बाइक के भी परखचे उड़ गए। हादसे के बाद हाइवे पर दोनों तरफ जाम लग गया।
सूचना पर एसओ जसविंदर सिंह तत्काल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बलकार सिंह को सीएचसी भिजवाया लेकिन वहां पहुंचने तक उन्होंने भी दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे से आक्रोशित कुछ लोगों ने टैंकर में तोड़फोड़ करने और उसे फूंकने की कोशिश की।
पुलिस ने बमुश्किल उन्हें समझाकर शांत कराया। मृतक सुखविंदर अपने पीछे पत्नी कुलविंदर कौर, छह वर्षीय पुत्र राजा, दो वर्षीय पुत्री मनप्रीत और बलकार सिंह अपने पीछे पत्नी कांता बाई एवं परिजनों को रोता बिलखता छोड़ गए हैं।
इनसेट
सुखविंदर के कंधों में थी परिवार की जिम्मेदारी
गदरपुर। टैंकर की चपेट में आकर जान गंवाने वाला सुखविंदर दो भाइयों में छोटा था। खेतीबाड़ी से लेकर अन्य सभी कार्यों में उसकी ही भागीदारी रहती थी। बड़ा भाई पूरन सिंह भी हाथ बंटाता था लेकिन घर, परिवार एवं खेत खलिहान की देखरेख करने की जिम्मेदारी सुखविंदर पर ही थी। सुखविंदर के दोनों मासूम बच्चों को इस बात का जरा भी एहसास नहीं है कि उनके पिता और दादा अब कभी भी लौटकर नहीं आएंगे।
टैंकर से टकराकर हेलमेट भी हुआ चकनाचूर
गदरपुर। टैंकर की चपेट में आए सुखविंदर ने हेलमेट भी पहना हुआ था लेकिन टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुखविंदर का सिर टैंकर से सामने से टकराया। इससे हेलमेट चकनाचूर होकर टूट गया। सीधी टक्कर लगने से सुखविंदर टैंकर के साथ घिसटता चला गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गदरपुर के मृतक सुखविंदर सिंह का फाइल फोटो।- फोटो : RUDRAPUR
गदरपुर के मृतक बलकार सिंह का फाइल फोटो।- फोटो : RUDRAPUR
गदरपुर सीएससी में पिता-पुत्र की मौत पर बिलखते परिजन।- फोटो : RUDRAPUR