रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में लेनदेन के एक मामले में कुछ लोगों ने दो महिलाओं को बच्चा चोर बताकर उनके साथ मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को भीड़ से छुड़ाया। महिलाओं की तहरीर पर पुलिस मारपीट करने वालों को चिह्नित कर रही है। पुलिस के अनुुसार एक्सीडेंट के एक मामले में दोनों महिलाएं इलाज का पैसा लेने किसी के घर पहुंची थी।
पुलिस को सौंपी तहरीर में राय कॉलोनी निवासी सुप्रिया का कहना है कि बीते दो सितंबर के दिन उनके बेटे राहुल को ट्रांजिट कैंप निवासी एक युवक ने पीट दिया था। दूसरे दिन बेटे ने पेट दर्द की शिकायत की तो वह बेटे को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। वहां से रेफर करने पर वह राहुल को लेकर एक निजी अस्पताल में पहुंची।
यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने राहुल की आंत फटना बताते हुए उसके इलाज में डेढ़ लाख रुपये खर्च आने की बात कही। इसके बाद बीते बृहस्पतिवार शाम को वह राहुल के संग मारपीट करने वाले युवक के घर पर पहुंची और राहुल के इलाज के लिए रुपये देने की बात कही। युवक के घर वालों ने सुप्रिया को अगले दिन सुबह आकर रुपये ले जाने की बात कही।
आरोप है कि शुक्रवार सुबह जब सुप्रिया अपनी बहन के साथ युवक के घर रुपये लेने पहुंची तो युवक के घरवालों ने उन्हें बच्चा चोर बताकर पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान लोगों की भीड़ भी मौके पर एकत्र होकर उन्हें पीटने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुप्रिया और उसकी बहन को भीड़ से छुड़ाया।
एसओ बीडी जोशी का कहना है कि क्षेत्र में मुनादी कर लोगों से बच्चा चोरी की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। साथ ही सुप्रिया की तहरीर पर उसके साथ मारपीट करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। चिह्नित करने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।