रुद्रपुर पुलिस लाइन में क्राइम बैठक लेते एसएसपी बरिंदरजीत सिंह।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। जिले में रोजाना फैल रही बच्चा चोरी और अपहरण की अफवाहों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने सभी थानों की पुलिस को सतर्कता से काम करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस लाइन के सभागार में शुक्रवार को आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि कुछ दिनों से जिले में बच्चे चोरी और अपहरण की अफवाह फैल रही है जबकि किसी भी मामले में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। अफवाहों पर अंकुश लगाने के लिए सभी थानों की पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
एसएसपी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पूरे जिले में 74 डेंजर जोन चिह्नित किए गए हैं, जिनमें थानावार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान साइबर सैल प्रभारी हिमांशु पंत ने साइबर क्राइम के मामलों से बचने के तरीके बताए। बैठक में एसपी सिटी देवेंद्र पींचा, एसपी क्राइम प्रमोद कुमार, एसपी सिटी काशीपुर डॉ. जगदीश चंद्र सहित सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
इन पुलिस कर्मियों को किया सम्मानित
रुद्रपुर। क्राइम बैठक में अगस्त में नशे के खिलाफ विशेष काम करने पर एडीटीएफ प्रभारी एसआई राजेश पांडे को पुलिस मैन ऑफ द मंथ चुना गया। साथ ही इसी माह में उत्कृष्ट कार्य करने पर थाना नानकमत्ता के एसआई सुरेंद्र प्रताप सिंह बिष्ट, थाना रुद्रपुर के कांस्टेबल विजय भारती, जसपुर के कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, पुलिस लाइन के कांस्टेबल त्रिभुवन सिंह और गौरव भट्ट को भी एसएसपी ने सम्मानित किया।