केदारनाथ से यात्रा ड्यूटी कर लौटे राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चोपड़ा के प्रभारी चिकित्साधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। धाम से लौटकर प्रभारी चिकित्साधिकारी ने अगस्त्यमुनि में अपना सैंपल दिया था। इसके बाद अपने स्वास्थ्य केंद्र में दो दिन तक ओपीडी में मरीजों की जांच भी की थी। अस्पताल में कार्यरत फार्मेसिस्ट व अन्य कर्मियों के सैंपल भी लिए गए हैं, लेकिन क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। जनपद में बीते दो दिनों में 20 और लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं।
केदारनाथ में एक पखवाड़े तक यात्रा ड्यूटी पर तैनात रहने के बाद तीन दिन पूर्व प्रभारी चिकित्साधिकारी लौटे थे। इस दौरान उन्होंने सीएचसी अगस्त्यमुनि में कोरोना जांच के लिए अपना सैंपल भी दिया और वहां से अपने कार्यस्थल चोपड़ा चले गए। अगले दो दिन वहां अस्पताल में पहुंचे मरीजों की जांच कर दवा भी दी, लेकिन शनिवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग न उन्हें होम आइसोलेट कर दिया है। वहीं, अस्पताल में कार्यरत फार्मेसिस्ट व अन्य दो कर्मचारियों के भी सैंपल लिए गए, जिनकी रिर्पोट निगेटिव आई है। इधर, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विंधेश कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रभारी चिकित्साधिकारी द्वारा दो दिनों में जिन-जिन लोगों की जांच की गई थी, उन्हें चिहिृृत कर सैंपल लिए जाएंगे।