संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। नगर पालिका परिषद ज्योतिर्मठ के कूड़ा निस्तारण केंद्र का जायजा लेने के लिए दो महिला प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी शनिवार को ज्योतिर्मठ पहुंचे। उन्होंने यहां कूड़ा निस्तारण के संबंध में विस्तार से जानकारी हासिल की।
लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी के दो प्रशिक्षु आईएएस गौरी प्रभात और दीक्षित जोशी डॉ. आरएस टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी नैनीताल के माध्यम से शनिवार को ज्योतिर्मठ पहुंचे। उन्होंने नगर पालिका ज्योतिर्मठ के एमआरएफ सेंटर (कूड़ा निस्तारण केंद्र) का निरीक्षण किया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हयात सिंह रौतेला बताया कि सभी नौ वार्डों से डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रित किया जाता है।
इसे एमआरएफ सेंटर में लाया जाता है, जहां जैविक-अजैविक कूड़े की छंटाई कर कॉम्पैक्ट के माध्यम से 40 से 50 किलो की सिली तैयार की जाती है। इसमें 35 प्रकार के कूड़े को अलग किया जाता है। जैविक कूड़े को कॉम्पैक्ट पिटों में डालकर खाद तैयार की जाती है। अजैविक कूड़े को अलग-अलग तरीके से निस्तारित किया जाता है।