बच्छणस्यूं व चलणस्यूं पट्टी के गांवों को जोड़ने वाला खेड़ाखाल-छांतीखाल-डुंगरीपंथ मोटर मार्ग करोड़ों खर्च के बाद भी बदहाल पड़ा है। मार्ग के शुरूआती दो किमी का सुधार कार्य दो वर्ष में भी पूरा नहीं हो पाया है। ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है, जो एक सप्ताह में रिपोर्ट देगी।
लोक निर्माण विभाग श्रीनगर के अधीन मोटर मार्ग के शुरूआती ढाई किमी का सुधारीकरण कार्य अक्तूबर 2018 में शुरू किया गया था, लेकिन आज तक कार्य पूरा नहीं हो पाया है। ठेकेदार द्वारा अभी तक किए गए कार्यों पर सवाल उठ रहे हैं। पुश्तों व स्क्रपर के निर्माण में रेत, बजरी के बजाय मिट्टी का उपयोग किया गया है। कटिंग का मलबा भी खेतों में डाला गया है। ग्रामीण अनिल सिंह, मनोज, महेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह रौथाण, पदम सिंह आदि का आरोप है कि अधिकारियों व ठेकेदार की मिलीभगत से सड़क सुधार के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। इधर, डीएम वंदना सिंह ने बताया कि एसडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी सुधारीकरण कार्य में निर्मित पुस्ता, स्क्रपर व कटिंग की मानकों के अंतर्गत जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी। उसी के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।