घाट पर मौजूद हर कोई रोया, क्षेत्र में पसरा मातम
संवाद न्यूज एजेंसी
जखोली। कुरछोला से जखनोली जा रही बरात के वाहन हादसे में चालक विजय सिंह पंवार, बसन्ती देवी और सुनीता देवी की मौत हो गई थी। सोमवार को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में पोस्टमार्टम के बाद तीनों का सूर्यप्रयाग घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। घाट पर एक साथ जलती तीन चिताओं को देखकर हर कोई रोता रहा।
मृतका बसंती देवी के चार और सुनीता देवी के तीन बच्चे हैं। हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अंतिम संस्कार के दौरान दीपक पंवार, अर्जुन सिंह गहरवार, ओमप्रकाश बहुगुणा, नरेश भट्ट सहित कुरछोला और तैला के ग्रामीण मौजूद रहे। पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख नागेंद्र पंवार ने कहा कि दुर्घटनास्थल पर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग बीडीसी बैठक, जनता दरबार और तहसील दिवस में उठाई गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मयाली-गुप्तकाशी मोटरमार्ग के संवेदनशील स्थानों पर क्रश बैरियर लगाने और क्षतिग्रस्त पुश्तों की मरम्मत कराने की मांग की। जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा ने बताया कि इस स्थान पर पहले भी बाइक दुर्घटना हो चुकी है। उन्होंने विभाग से ग्रामीण सड़कों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।