फैली है गंदगी, लोग हो जाते हैं परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
अगस्त्यमुनि। नगर पंचायत क्षेत्र बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के सामने स्थित सुलभ शौचालय बदहाल बना है। लंबे समय से पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण शौचालय में गंदगी फैली है। स्थिति यह है कि यहां हाथ धोने तक के लिए पानी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यहां पहुंचने वाले लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
स्थानीय प्रियंक रावत ने बताया कि शौचालय की स्थिति लंबे समय से खराब है। मंदाकिनी शरदोत्सव एवं कृषि औद्योगिक विकास मेले के दौरान भी व्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं हुआ। अगस्त्यमुनि जिले का प्रमुख केंद्र है। यहां खंड विकास कार्यालय, निर्वाचन कार्यालय समेत कई सरकारी कार्यालय हैं। हाईवे के समीप होने के कारण इस शौचालय का उपयोग राहगीर और व्यापारी भी करते हैं। व्यापार संघ अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह नेगी ने कहा कि शौचालय में पानी की व्यवस्था नहीं होने से व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थिति यह है कियहां सफाई और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं तक नहीं हैं। वहीं नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी निकिता भट्ट ने बताया कि यह शौचालय सुलभ इंटरनेशनल के अंतर्गत आता है। इसके रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित संस्था की है।