रुद्रपुर के कलक्ट्रेट में समीक्षा बैठक करती संयुक्त सचिव भारत सरकार निधिमणि त्रिपाठी।
- फोटो : RUDRAPUR
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय भारत सरकार की संयुक्त सचिव निधिमणि त्रिपाठी ने जिले में कोविड-19 के कार्यों की समीक्षा की। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम रंजना राजगुरु ने उन्हें बताया कि जिले में कोरोना से रिकवरी रेट 80.7 प्रतिशत है और एंबुलेंस, आक्सीजन की कोई समस्या नहीं है।
डीएम ने बताया कि जिले में अब तक आरटीपीसीआर से 78,158, एंटीजन किट से 2,21,996 एवं ट्रू नेट मशीन के माध्यम से 4036 टेस्ट किए जा चुके हैं। आशा और एएनएम ने चार बार सर्वे कर लिया है और पांचवीं बार का सर्वे जारी है। खटीमा में केवल 17 कंटेनमेंट जोन बचे हैं। जिले में 68 प्रतिशत मरीज होम आइसोलेशन में रह रहे हैं। होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की देखभाल के लिए आशाओं की समिति गठित की गई है। वहीं, सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल ने कहा कि विभाग के पास दवाइयां, मास्क, पीपीई किट आदि सभी प्रकार के उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
ऋषिकेश एम्स के आरएम डॉ. गिरीश सिंधवानी ने कहा कि मधुमेह रोगियों पर विशेष रूप से ध्यान देने की आवश्यकता है। इन रोगियों को ही सबसे ज्यादा कोविड-19 का खतरा बना रहता है। वहां पर एसएसपी डीएस कुंवर, सीडीओ हिमांशु खुराना, एडीएम जेसी कांडपाल, यूएस चौहान, स्वास्थ्य निदेशक डॉ. शैलजा भट्ट आदि थे।