सोनप्रयाग-मुनकटिया व गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुश्तों का निर्माण और सुधार कार्य मंगलवार दोपहर तक पूरा कर लिया जाएगा। उसके बाद एसडीएम और डीडीएमए सिविल डिवीजन के ईई के निरीक्षण के बाद बुधवार से केदारनाथ पैदल यात्रा शुरू कर दी जाएगी।
24/25 जून को हुई तेज बारिश से सोनप्रयाग-मुनकटिया पैदल मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया था। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर छौड़ी और जंगलचट्टी में भी रास्ता आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके साथ ही रामबाड़ा में मंदाकिनी नदी पर स्थित पुल के दोनों पिलर के कुछ पत्थर छिटक गए थे।
खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने 25 जून तड़के से यात्रियों को धाम से लेकर पैदल पड़ावों पर रोक दिया था। वहीं बाद में 30 जून तक केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया था। 26 जून को यात्रियों को हेलीकाप्टर व पैदल रास्ते से सुरक्षित सोनप्रयाग पहुंचाया गया। दूसरी तरफ 27 जून से डीडीएमए (जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण) ने दोनों पैदल रास्तों की मरम्मत शुरू कर दी थी। मरम्मत कार्य के मंगलवार दोपहर तक पूरा होने की उम्मीद है।
दो दिन में लग जाएगी ट्राली
सोनप्रयाग में मंदाकिनी नदी पर ट्राली दो दिन में लग जाएगी। इसके लिए सभी उपकरण पहुंचा दिए गए हैं। दूसरी तरफ पैदल पुल की मरम्मत का काम भी पूरा कर दिया गया है। डीडीएमए सिविल डिवीजन गुप्तकाशी के ईई केएस नेगी ने बताया कि दोनों पैदल रास्तों को लगभग ठीक कर दिया गया है।
कोट-
बारिश से क्षतिग्रस्त हुए सोनप्रयाग-मुनकटिया व गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर प्रभावित स्थानों पर मरम्मत कार्य मंगलवार दोपहर तक पूरा हो जाएगा। एसडीएम और ईई लोनिवि की ओर से रास्तों के भौतिक निरीक्षण के बाद 1 जुलाई ने केदारनाथ पैदल यात्रा शुरू कर दी जाएगी। - डा. राघव लंगर, एसडीएम रुद्रप्रयाग