रुद्रप्रयाग। चौदह वर्ष से अधर में लटके केंद्रीय विद्यालय के स्थायी भवन निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। स्यालसौड़ में बनने वाले भवन निर्माण के लिए केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। दो दिसंबर तक ऑनलाइन टेंडर आवेदन करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। लगभग 41.68 करोड़ की लागत से बनने वाले भवन में विद्यालय का मुख्य भवन, क्वार्टर, बाउंड्री वॉल, विद्युत सब स्टेशन, कैंटीन सहित अन्य विकास कार्यों का निर्माण प्रस्तावित है।
केंद्रीय विद्यालय के भवन निर्माण की मांग के लिए स्थानीय जनता और उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से डेढ़ माह तक आंदोलन चलाया गया था। लगातार धरना-प्रदर्शन और जनदबाव के बाद प्रशासन ने 9 नवंबर को लिखित आश्वासन दिया जिसके बाद आंदोलन समाप्त किया गया। सीपीडब्ल्यूडी की ओर से जारी निविदा के मुताबिक निर्माण कार्य दो साल की अवधि में पूरा किया जाना प्रस्तावित है। वहीं 2 दिसंबर को ऑनलाइन टेंडर जमा करने की अंतिम तारीख है। टेंडर प्रकिया शुरू होने पर स्थानीय लोग और यूकेडी के जिला प्रभारियों ने खुशी जताई।