जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान रतूड़ा में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उत्तराखंड व अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से राष्ट्रीय वेबीनार का आयोजन किया गया। मौके पर बच्चों को विज्ञान से जोड़ने के लिए आसपास के माहौल में उपलब्ध छोटी-छोटी वस्तुओं के बेहतर व लाभकारी उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।
ऑनलाइन वेबीनार के पहले चरण में बतौर मुख्य अतिथि व आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर रहे भौतिकी विज्ञान पद्श्री डॉ. प्रो. एचसी वर्मा ने बच्चों को मेरे घर विज्ञान के तहत रोजमर्रा के जीवन में उपयोग होने वाले कार्यों में विज्ञान के उपयोग के बारे में बताया। यू-ट्यूब के माध्यम से आयोजित इस वेबीनार में डॉ. शर्मा ने कहा कि विज्ञान के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है। उन्होंने स्कूली बच्चों से विज्ञान को लेकर रोचक सवाल भी किए। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के अपर निदेशक डा. आरडी शर्मा ने कहा कि मानव जीवन की छोटी-छोटी गतिविधियों में विज्ञान छुपा है, जो नए-नए शोध का विषय बन सकता है। कार्यक्रम के अंत में डायट के प्राचार्य हरि बल्लभ डिमरी ने कहा कि इस तरह के सेमीनार स्कूली बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने में मददगार साबित होंगे। इस मौके पर डॉ. विनोद कुमार यादव, माधव गैरोला, दीपक रावत, कमलेश जोशी, आदित्य नेगी, वर्षिल, आकांक्षा पांडेय, मनीषा, महालक्ष्मी, हिमांशु आदि मौजूद थे।