ऊखीमठ के किमाणा गांव स्थित भोलेश्वर मंदिर में अर्धनग्न धरने पर बैठे आचार्य संतोष त्रिवेदी के सम?
- फोटो : RUDRAPRYAG
केदारनाथ के तीर्थपुरोहित समाज के प्रतिनिधिमंडल ने तहसील प्रशासन के माध्यम से देवस्थानम बोर्ड व मास्टर प्लान को भंग करने की मांग का ज्ञापन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को प्रेषित किया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर, उनके आंदोलन को जबरन खत्म करने की कोशिश की गई तो वे जनांदोलन के रूप में तहसील में अनिश्चितकालीन घेराव के लिए बाध्य होंगे।
बुधवार को केदार सभा के महामंत्री कुबेरनाथ पोस्ती के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल तहसील ऊखीमठ पहुंचा। यहां प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के बाद उन्होंने प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन भेजा, जिसमें तीर्थपुरोहितों एवं हक-हकूकधारियों को बिना विश्वास में लिए बगैर देवस्थानम बोर्ड का गठन करने की बात कही गई है। कहा कि वे लोकतांत्रिक व शांतिपूर्ण तरीके से अपना आंदोलन कर रहे हैं। बावजूद, शासन, प्रशासन ने अभी तक उनकी सुध लेना जरूरी नहीं समझा है। इस मौके पर राजकुमार तिवारी, पूर्व जिपं सदस्य केशव तिवारी, विजेंद्र शर्मा, धीरेंद्र शुक्ला, अनसूया प्रसाद तिवारी, रमाकांत शर्मा, प्रदीप त्रिवेदी, कमल तिवारी, प्रियांशु तिवारी, पूर्व नपं अध्यक्ष रीता पुष्पवाण, तेज प्रकाश पोस्ती आदि तीर्थपुरोहित मौजूद थे। संवाद