दिनेशपुर। महाअष्टमी पूजा में रविवार को कई महिला पुरुषों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न स्थानों पर रंगारंग कार्यक्रमों और जात्रागान की धूम है। रविवार दोपहर दुर्गा मंदिर प्रांगण में पूजन के बाद महामाई के चरणों में फलों व सब्जियों की प्रतीकात्मक बलि दी गई। उधर, शनिवार रात नगर स्थित प्रमुख रंगमंच पर कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, कांग्रेस बंगाली प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जेएन सरकार, पीसीसी सदस्य ममता हाल्दार ने किया। बाद में रंगमंच पर मां ज्वाला कला केंद्र काशीपुर व विभिन्न स्थानों से आए लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति देकर समां बांधा। कार्यक्रम संचालन शिव कुमार सरकार ने किया। नवरात्र पर दुर्गा मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है।
कन्या पूजन की तैयारी को लेकर बाजार गुलजार
सितारगंज। नवरात्र की नवमी की तैयारियों को लेकर रविवार को बाजार में खरीददारों की भीड़ उमड़ी रही। देर रात तक दुकानों पर महिलाएं मां की पूजा सामग्री खरीदते दिखी। अष्टमी के दिन भक्तों ने मंदिरों में पूजा अर्चना कर मां से आशीर्वाद लिया। कुछ स्थानों पर कन्या पूजन भी किया गया। सोमवार को नवमी होने के कारण श्रद्धालु खरीददारी करने बाजार पहुंचे।