जिलास्तरीय आशा सम्मेलन हुआ, ऊखीमठ को दिया गया सर्वश्रेष्ठ ब्लॉक का पुरस्कार
तिलवाड़ा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आयोजित जिलास्तरीय आशा सम्मेलन व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अगस्त्यमुनि ब्लॉक की सुशीला देवी, जखोली की सरस्वती देवी और ऊखीमठ की बिष्णा देवी को सर्वश्रेष्ठ आशा के पुरस्कार से नवाजा गया। भरोसी देवी, विजया देवी और संगीता कठैत को सर्वश्रेष्ठ आशा फेसिलिटेटर का पुरस्कार दिया गया। ऊखीमठ को सर्वश्रेष्ठ ब्लॉक का पुरस्कार प्रदान किया गया।
आशा सम्मेलन का उद्घाटन मुख्य अतिथि बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य वाचस्पति सेमवाल ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर काम कर रही है। सीएमओ डाॅ. हरीश चंद्र सिंह मार्तोलिया ने आशा कार्यकर्ता को और अधिक जागरूक और संवेदनशीलता के साथ स्वास्थ्य योजनाओं को दूरस्थ क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।
समारोह में आशा कार्यकर्ता श्रेणी में गीता देवी, शैला काला, पारेश्वरी देवी द्वितीय, आशा सेमवाल, उर्मिला देवी और दमयंती देवी क्रमश: तृतीय रहीं। वहीं, आशा फेसिलिटेटर श्रेणी में अगस्त्यमुनि से संगीता कठैत, जखोली से विजया देवी और ऊखीमठ से भरोसी देवी को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। आशा पुरोहित, सरिता देवी, गीता देवी द्वितीय और दीपा देवी, बीना देवी और सुधा नौटियाल तृतीय रहे।
समारोह में सर्वश्रेष्ठ ब्लाॅक समन्वयक का पुरस्कार ऊखीमठ ब्लाॅक के जगजीत चौधरी को दिया गया। समारोह में एसीएमओ डॉ. विमल सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. खुशपाल, डीपीएम हिमांशु नौडियाल, हरेंद्र सिंह नेगी, अशोक नौटियाल, डाॅ. मनवर सिंह रावत, यशवंत राणा, विपिन सेमवाल, आशा फेसिलिटेटर संगठन के जिलाध्यक्ष सुशीला सेमवाल, आशा ब्लॉक अध्यक्ष ललिता, लक्ष्मी, सुनीता नेगी मौजूद थे।