पुल की मांग को लेकर आठवें दिन भी क्रमिक धरने पर डटे रहे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
अगस्त्यमुनि। भीरी-डमार मार्ग को रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे से जोड़ने के लिए मंदाकिनी नदी पर प्रस्तावित 48 मीटर स्पान स्टील गार्डर पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का क्रमिक अनशन आठवें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने शासन, प्रशासन और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने जल्द पुल का काम शुरू नहीं होने पर जनांदोलन की चेतावनी दी।
भीरी-डमार मोटर मार्ग संघर्ष समिति के अध्यक्ष जगमोहन सिंह भंडारी, सचिव रघुवीर सिंह नेगी और कोषाध्यक्ष योगेंद्र सिंह चौहान की मौजूदगी में ग्रामीण आठवें दिन भी धरने पर डटे रहे। संघर्ष समिति के अध्यक्ष जगमोहन सिंह भंडारी ने कहा कि मंदाकिनी नदी के दूसरी तरफ बसे गांवों की सुध नहीं ली जा रही है। तीन किमी सड़क का निर्माण तो कर दिया गया लेकिन विभाग ने पुल का निर्माण नहीं किया। ऐसे में डमार, टिमरिया, फेगू, बरम्वाड़ी, नागजगई के गांवों को ब्लॉक मुख्यालय अगस्त्यमुनि तक पहुंचने के लिए 8 से 10 किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। क्रमिक अनशन पर बैठने वालों में कुंवरी देवी, नागेंद्र सिंह, रघुवीर सिंह, योगेश सेमवाल, संतोषी देवी, ममता देवी, शाकंबरी देवी, कलावती देवी, गुड्डी देवी और कांति देवी आदि मौजूद थे।