फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, पाए उपहार

विज्ञापन
सितारगंज में भाई की कलाई पर राखी बांधती बहन। - फोटो : SITARGANJ
विज्ञापन
बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, पाए उपहार
विज्ञापन

जिले भर में हर्षोल्लास के साथ बनाया गया रक्षाबंधन पर्व
अमर उजाला ब्यूरो/संवाद
रुद्रपुर/सितारगंज/शक्तिफार्म/किच्छा। भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार जिलेभर में हर्षोल्लास से मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई में रक्षासूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु की कामना की। साथ ही भाइयों ने भी बहनों को उपहार दिए। कई जगहों पर वीडियो कॉल के जरिए भाई-बहन ने एक-दूसरे को पर्व की बधाई दी।
रुद्रपुर में रक्षाबंधन पर काफी रौनक देखने को मिली। बहनों ने भाइयों को राखी बांधकर मिठाई खिलाई। भाइयों ने बहनों को पुरस्कार स्वरूप चॉकलेट, कपड़े आदि उपहार भेंट किए। रक्षाबंधन के पर्व पर छोटे बच्चों ने पतंगबाजी का भी आनंद लिया। उधर, महिला संगठन छतरपुर की महिलाओं ने कोरोना काल में देश की सेवा कर रहे जवानों के लिए तुलसी के पौधों को राखी बांधी।
विज्ञापन

महिलाओं ने जवानों को फोन से रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी। वहां रेनू चंद, अंजली बिष्ट, भावना, सुधा, मंपा देवी, तारा बिष्ट आदि थे। उधर, इधर, पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा ने कुष्ठ आश्रम पहुंचकर दो दर्जन से अधिक कुष्ठ रोगियों को रक्षा सूत्र बांधे और मिठाई खिलाई।
बता दें कि मीना वर्ष 2008 में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद से ही रक्षाबंधन पर्व पर कुष्ठ आश्रम जाकर कुष्ठ रोगियों को राखी बांधती रही हैं। वहां अनिल शर्मा, सरोज रानी, चंद्रा आर्य, मीना, कांति, पाकीजा, ममता, कालीचरण आदि थे। वहीं, गदरपुर, दिनेशपुर, गूलरभोज, पंतनगर, जवाहरनगर और शांतिपुरी में भी रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया।
उधर, सितारगंज में भी रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बाजार में मिठाई की दुकानों, जनरल स्टोर एवं राखी के काउंटरों पर खरीदारों की खासी भीड़ रही। वहीं, शक्तिफार्म में स्वयंसेवी संस्था एक समाज श्रेष्ठ समाज की सदस्य आरती मिस्त्री और सीमा सरकार के नेतृत्व में संस्था की महिला सदस्यों ने चौकी प्रभारी संजीत यादव सहित पुलिस कर्मियों को राखी बांधी। वहां कांस्टेबल भूपाल सिंह, गोपाल बिष्ट, कुंदन सिंह, शिल्पी मिस्त्री, उर्मी सरकार, ज्योतिका विश्वास आदि थे।
इधर, किच्छा में रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया गया लेकिन पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष कोरोना के चलते बाजारों में रौनक कम रही। राखियों की बिक्री कम रही। इधर चेयरमैन दर्शन कुमार कोली ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर गरीब परिवारों की बहनों से राखी बंधवाई। नगर के सतपाल बागा, राकेश मदान, वीरेंद्र पाल बठला, गुलशन सिंधी आदि ने राखी पर्व की सभी को बधाई दी।
आइसोलेशन इंचार्ज डॉ. गौरव की कलाई पर नर्स ने बांधी राखी
रुद्रपुर। जिला अस्पताल के आइसोलेशन प्रभारी डॉ. गौरव अग्रवाल ने लगातार कोविड ड्यूटी के कारण पहली बार अपनी बहनों से राखी नहीं बंधवाई। रक्षाबंधन पर उनकी सूनी कलाई पर जिला अस्पताल की एक स्टाफ नर्स ने राखी बांधी। जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती एक महिला का भाई राखी बंधवाने के लिए पहुंचा था लेकिन कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए उसे बैरंग लौटना पड़ा।
वहीं दो बहनों की राखियों को स्टाफ ने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती भाइयों तक पहुंचाया। इधर, आइसोलेशन प्रभारी डॉ. गौरव अग्रवाल ने बताया कि वह स्वयं कोरोना संक्रमण के चलते पहली बार बाजपुर और रामनगर निवासी अपनी बहनों से राखी नहीं बंधवा सके। उनके स्टाफ की एक नर्स ने उन्हें राखी बांधी। ब्यूरो
रक्षाबंधन : 600 बहनों ने किया रोडवेज बसों में निशुल्क सफर
रुद्रपुर/काशीपुर। लॉकडाउन में सन्नाटे की मार झेल रही रोडवेज बसों में सोमवार रक्षाबंधन पर्व पर पुरानी वाली चहल-पहल एक बार फिर से लौटी आई। रुद्रपुर डिपो से काशीपुर, हल्द्वानी, सितारगंज, नानकमत्ता, खटीमा, बनबसा और टनकपुर के लिए बसें संचालित हुई। इन मार्गों पर रुद्रपुर डिपो की बसों में करीब 600 बहनों ने नि:शुल्क यात्रा का लाभ उठाया।
रक्षाबंधन पर्व पर सुबह छह बजे से रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन पर यात्री पहुंचने शुरू हो गए थे। यात्रियों में सर्वाधिक संख्या महिलाओं की रही। रुद्रपुर डिपो प्रबंधन ने भी रोडवेज बसों में सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए एक बस में अधिकतम 30 यात्रियों को ही बैठाया। रुद्रपुर स्टेशन से सर्वाधिक महिलाओं ने टनकपुर मार्ग पर सफर किया।
इसके साथ ही काशीपुर और हल्द्वानी रूट पर भी बसें चलीं। एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि रुद्रपुर डिपो से शाम तक तीन मार्गों पर 12 बसें संचालित की गईं। इसके साथ ही अन्य डिपो भी रुद्रपुर स्टेशन से होकर गुजरीं। उन्होंने बताया कि रुद्रपुर डिपो से रवानगी से लेकर वापसी तक करीब 600 महिलाओं ने प्रदेेश सरकार की ओर से नि:शुल्क यात्रा की सुविधा का लाभ उठाया।
उधर, काशीपुर में रोडवेज बसों में बहनों को यात्रा निशुल्क कराने के बावजूद भी यात्रियों ने डिपो की ओर कम ही रुख किया। वरिष्ठ केंद्र प्रभारी हरेंद्र सिंह नितवाल ने बताया कि 18 बसों में महज 11 बसों का संचालन ही हो सका।
काशीपुर और जसपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन
काशीपुर/जसपुर। रक्षाबंधन पर सुबह से ही शहर और गांवों में चहल-पहल देखने को मिली। बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उनका मुंह मीठा कराया और जीवन भर रक्षा करने का वचन लिया। इधर, जसपुर में भी रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कोविड-19 के चलते सीमाएं सील होने के कारण व्यापारी बाहर से राखी नहीं मंगा सके।
बहनों ने घर में बनी कलावा की राखियां बांध कर त्योहार मनाया। इससे पूर्व बहनों ने मंदिर पहुंच कर सोशल डिस्टेंस का पालन कर पूजा-अर्चना की। वहीं, सावन का आखिरी सोमवार होने के कारण श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। उधर, विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, पालिकाध्यक्ष मुमताज बेगम, नगर पंचायत अध्यक्षा गायत्री सिंह, ब्लॉक प्रमुख संदीप कौर ने क्षेत्रवासियों को रक्षाबंधन पर्व की बधाई दी।
उजाला हॉस्पिटल में बांधा गया स्वास्थ्य रक्षासूत्र
काशीपुर। उजाला हॉस्पिटल काशीपुर की दोनों यूनिटों में मरीजों के साथ स्वास्थ्य रक्षा सूत्र कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उजाला हॉस्पिटल के मानपुर रोड और रामनगर रोड स्थित हॉस्पिटल में प्रशासनिक अधिकारियों, डॉक्टर्स और नर्सिंग स्टाफ ने एक-दूसरे को रक्षा सूत्र बांधे।
इसके अलावा स्टाफ की ओर से मरीजों को स्वास्थ्य रक्षा सूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु की कामना की गई। इस कार्यक्रम से मरीजों को भावनात्मक लगाव के साथ ही पारिवारिक माहौल की अनुभूति हुई। रक्षासूत्र बांधने से अस्पताल में भर्ती मरीजों ने सुखद अनुभूति का एहसास किया है। संवाद
कंटेनमेंट जोन के लोग नहीं मना पाए राखी का त्योहार
काशीपुर। कोरोना संक्रमण के कारण बनाए गए कंटेनमेंट जोन के लोग राखी का त्योहार नहीं बना सके। एक साथ 49 केस मिलने पर प्रशासन की ओर से 29 जुलाई को आठ कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। काशीपुर में गौतमनगर, गढ़ीनेगी में बैंक वाली गली, विध्यावासिनी, खड़कपुर देवीपुरा, काजीबाग, शक्तिनगर, पटेलनगर और गंज को 11 अगस्त तक कंटेनमेंट जोन घोषित किया हुआ है। इससे कंटेनमेंट जोन में रहने वाली बहने अपने भाइयों की कलाइयों पर राखी नहीं बांध सकीं। बहनों और भाइयों ने फोन पर बात कर एक-दूसरे से रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और उनकी दीर्घायु की कामना की।
प्रशिक्षित बेरोजगार महिलाओं ने शिक्षामंत्री को बांधकर मांगी नियुक्ति
काशीपुर। उत्तराखंड द्विवर्षीय डायट डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन के बैनर तले रक्षाबंधन पर डायट प्रशिक्षित बेरोजगार महिलाओं ने शिक्षामंत्री अरविंद पांडेय को राखी बांधकर शीघ्र नियुक्ति दिलाने की मांग की।
इस दौरान उन्होंने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपकर कहा कि डायट से प्रशिक्षण प्राप्त करने के सात माह बाद भी उन्हें नियुक्ति नहीं दी जा रही है, जिसके चलते उन्हें परिवार चलाने में आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। श्वेता राजपाल ने बताया कि राखी बांधने के बाद कैबिनेट मंत्री ने शीघ्र नियुक्ति दिलाने का आश्वासन दिया है। वहां प्रकाश रानी, सुरभि चौहान, ज्योति चौहान, ललिता पाल आदि थे।
बाजपुर : धूमधाम के साथ मनाया गया रक्षाबंधन
बाजपुर/केलाखेड़ा। नगर और ग्रामीण क्षेत्र में रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा कवच बांधकर उनका मुंह मीठा कराया। भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट किए। त्योहार के मद्देनजर बाजार में काफी चहल-पहल रही। हालांकि इस दौरान बिना मास्क पहने लोग भी दिखे और सामाजिक दूरी का खुला उल्लंघन भी हुआ। निजी बसों में भी भीड़ रही।
खटीमा : कोविड-19 के चलते राखी पर्व रहा फीका
खटीमा। कोविड-19 के चलते इस बार राखी का त्योहार खटीमा में फीका रहा। कोविड-19 के प्रति सावधानी बरतते हुए लोग घरों से कम निकले। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक टनकपुर क्षेत्र केएस राणा ने बताया कि इस बार राखी के त्योहार पर महिलाओं ने नि:शुल्क बस सेवा का लाभ भी नहीं के बराबर लिया।
वहीं, यूपी से लगी सीमा पर हल्दी घेरा में पुलिस बॉर्डर पर राखी बांधने जा रही बहनों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। आधार कार्ड के अभाव में ई-पास नहीं बनने से कई बहनों को निराश होकर लौटना पड़ा। वहीं, यूपी सीमा की मझोला ग्राम की बीच वाहनों की आवाजाही बंद रहने से राखी बांधने आने जाने वाली महिलाओं को दो किमी तक पैदल चलना पड़ा।
विज्ञापन

इधर, सेंट जेवियर स्कूल में बच्चों ने रक्षाबंधन के अवसर पर विभिन्न क्रियाकलापों का आयोजन किया। स्कूल के किंडर गार्डन के बच्चों को प्रकृति के प्रति स्नेह रखने के उद्देश्य पेड़ों पर राखियां बांधने, एक से पांच तक के बच्चों को राखी एवं कार्ड बनाने को प्रोत्साहित किया गया। जूनियर क्लास के बच्चों ने एक राखी देश के नाम विषय पर विचार रखे। स्कूल के मैनेजर फादर नेल्सन सेराओ, प्रधानाचार्य फादर एलेक्स मोंटरो, सिस्टर कुसुम ने रक्षाबंधन की बधाई दी।

रुद्रपुर में भाई की कलाई पर राखी बांधती बहन।- फोटो : RUDRAPUR

रुद्रपुर में ऐंपण की राखी भाई की कलाई में बांधती बहन।- फोटो : RUDRAPUR

किच्छा चेयरमैन दर्शन कोली एक बहन से राखी बंधवाते हुए- फोटो : KITCHHA

काशीपुर में भाई की कलाई पर राखी बांधती बहन।- फोटो : KASHIPUR

शिक्षामंत्री के राखी बांधती प्रशिक्षित बेरोजगार महिलाएं।- फोटो : KASHIPUR

काशीपुर उजाला अस्पताल में मरीजों के साथ रक्षाबंधन मनाते स्टाफ सदस्य।- फोटो : KASHIPUR

बाजपुर में रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधती बहन।- फोटो : BAZPUR

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें