तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में मद्महेश्वर घाटी विकास मंच के अध्यक्ष मदन भट्ट ने क्षेत्र में बढ़ रहे अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने की मुद्दा उठाया। जबकि पर्यटन व तीर्थ स्थलों को विकसित कर प्रचार-प्रसार करने और ऊखीमठ-मनसूना-उनियाणा मोटर मार्ग का सुधार कर डामरीकरण की मांग कई जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई गई।
मंगलवार को तहसील दिवस पर ग्राम पंचायत दैडा के ग्राम प्रधान योगेंद्र सिंह नेगी ने बरसात में क्षतिग्रस्त मकानों, गोशाला, कृषि भूमि व पैदल रास्तों को ठीक न किए जाने पर रोष जताया। साथ ही विस्थापन सूची में शामिल परिवारों के अन्यत्र विस्थापन और जीआईसी दैड़ा के नीचे आकाशकामिनी नदी के कटाव से हो रहे भूस्खलन को रोकने की मांग की। ग्राम पंचायत मक्कूमठ के प्रधान विजयपाल सिंह नेगी ने आपदा प्रभावित दिलणा में सुरक्षा कार्यों, भीरी-मक्कू-पलद्वाड़ी मोटर मार्ग हॉटमिक्स, मक्कू में एलोपैथिक चिकित्सालय और जीआईसी मक्कू को मोटर मार्ग से जोड़ने की मांग की। जबकि ग्राम पंचायत किमाणा के प्रधान ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का सीमांकन करने, पेंज-किमाणा-कंथा मार्ग पर चेकडैम निर्माण और भोलेश्वर मंदिर में सुरक्षा कार्य की मांग की। नगर पंचायत अध्यक्ष अध्यक्ष विजय राणा ने ऊखीमठ नगर में पर्याप्त जलापूर्ति के लिए उचित इंतजाम करने पर जोर दिया। तहसील दिवस पर कुल 32 शिकायतें दर्ज हुई। अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी ने तहसील दिवस में दर्ज शिकायतों के निस्तारण के लिए विभागीय अधिकारियों को यथाशीघ्र कार्रवाई के आदेश दिए। इस मौके पर एसडीएम परमानंद राम, तहसीदार दिवान सिंह राणा, डीईओ माध्यमिक एलएस दानू, एबीईओ रवि कुमार, अवर अभियंता बीएस भंडारी आदि मौजूद थे। संवाद