केदारघाटी के ग्राम पंचायत जलई-सुरसाल के अंतर्गत बांसबाड़ा बस्ती के ग्रामीणों ने आवासीय भवनों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन हटाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने डीएम को पत्र भेजा है। पूर्व सैनिक संगठन उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि उनके आवासीय भवनों व गैस गोदाम के ऊपर से ऊर्जा निगम की 33 केवी और 11 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइनें गुजर रही है।
कई जगहों पर तार झुके होने के कारण निरंतर खतरा बना है। कहा कि बिजली लाइन को शिफ्ट करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को भी अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।
ऊर्जा निगम को लाइन बदलने के लिए धनराशि भी प्राप्त हो चुकी है जबकि अधिकारियों द्वारा लाइन शिफ्ट करने के बजाय सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा रहा है। कहा कि जिस तरह से विद्युत लाइनों की स्थिति बनी है, उससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इधर, डीएम रंजना ने बताया कि इस संबंध में ऊर्जा निगम के अधिकारियों से पूरी जानकारी ली जा रही है।