स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित जिला स्तरीय आशा सम्मेलन में ऊखीमठ विकासखंड की संगीता को सर्वश्रेष्ठ आशा व गीता देवी को सर्वश्रेष्ठ आशा फेसिलिटेटर का पुरस्कार से नवाजा गया। जबकि जगदीप सिंह व नागेश्वर बगवाड़ी को संयुक्त रुप से सर्वश्रेष्ठ ब्लॉक समन्वयक का पुरस्कार मिला।
जिला मुख्यालय में आयोजित सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य मानकों के लक्ष्यों को हासिल करने के साथ ही विभागीय योजनाओं के संचालन में अहम भूमिका निभा रही हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एसके झा ने कहा कि आशा कार्यकर्ताएं स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ है। वहीं नपा अध्यक्ष गीता झिंक्वाण और ऊषा घिल्डियाल ने जनपद की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत अधिक खतरे वाली गर्भवती महिलाओं के मामलों में विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही दूरस्थ गांवों में संसाधनों के अभाव में कार्य कर रही आशा को प्रोत्साहित भी किया। इस मौके पर अतिथियों द्वारा ऊखीमठ के सारी में तैनात संगीता को सर्वश्रेष्ठ आशा के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जबकि जखोली के कंडाली की मुन्नी देवी और अगस्त्यमुनि के जलई में कार्यरत रेखा देवी को क्रमश: द्वितीय व तृतीय स्थान मिला। वहीं, गीता रावत को सर्वश्रेष्ठ आशा फेसिलिटेटर का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जखोली के दिग्धार की विमला को द्वितीय व अगस्त्यमुनि के चोपड़ा की रचना को तृतीय स्थान मिला। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख प्रदीप थपलियाल, विजया देवी, महिला कल्याण अधिकारी दीपिका कांडपाल, अंजना गैरोला, डा. नीतू तोमर, केएन सेमवाल, हिमांशु नौडियाल, अनूप नौटियाल, हरेंद्र नेगी, अनपू रावत समेत अन्य कर्मचारी मौजूद थे। संवाद