अब बदरीनाथ हाईवे के अवरुद्ध होने पर भी रुद्रप्रयाग से गौचर तक सड़क कनेक्टिविटी बनी रहेगी। पीएमजीएसवाई के अंतर्गत सणगू-सारी मोटर मार्ग का चौड़ीकरण व सुधारीकरण कर उसे हाईवे का विकल्प के रूप में तैयार किया जा रहा है।
अलकनंदा नदी के दूसरी तरफ से रुद्रप्रयाग से गौचर तक तल्लानागपुर के 10 से अधिक गांवों को जोड़ने के लिए चार वर्ष पूर्व सणगू-सारी मोटर मार्ग का निर्माण किया गया था। अब, मार्ग को बदरीनाथ हाईवे के विकल्प के रूप में बेहतर किया जा रहा है, जिसके लिए शासन से 14 करोड़, 84 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। धनराशि से मार्ग का चौड़ीकरण, निकाल नाली निर्माण, भूस्खलन प्रभावित जोन पर स्थायी पुश्ता निर्माण, डामरीकरण और हाटमिक्स किया जाना है।
सुधारीकरण कार्य कर रही कार्यदायी संस्था आरजीबी की ओर से शुरू के सात किमी पर सुधारीकरण कार्य किया जा रहा है। मार्ग पर चरणबद्ध तरीके सुधार कार्य होना है, जो अगले डेढ़ वर्ष में पूरा किया जाना है। इस मार्ग के पूरा होने पर तल्लानागपुर सहित दशज्यूला क्षेत्र के गांवों को भी लाभ मिलेगा। साथ ही बदरीनाथ हाईवे के रुद्रप्रयाग से गौचर के मध्य अवरुद्ध होने पर सणगू-सारी मोटर मार्ग पर दो तरफा यातायात संचालित किया जाएगा।
32 किमी सणगू-सारी मोटर मार्ग को बदरीनाथ हाईवे के विकल्प के रूप में तैयार किया जा रहा है। हाईवे के बरसात में अवरुद्ध होने की स्थिति में इस मार्ग से रुद्रप्रयाग से गौचर तक कनेक्टिविटी बनी रहेगी।
--- आरसी उनियाल, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई रुद्रप्रयाग